बाड़मेर | जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रीको थाना पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक बिना नंबरी बोलेरो कैंपर को रुकवाकर तीन आरोपियों को दबोचा है। इनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस ने अवैध हथियार और बिना नंबरी बोलेरो कैंपर गाड़ी को जब्त किया। साथ ही तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीना ने बताया कि रीको थानाधिकारी भंवरसिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रीको थाना इलाके में कुछ संदिग्ध लोग बिना नंबरी बोलेरो कैंपर में अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। जिस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में दबिश दी और गाड़ी को रुकवाया। तलाशी लेने पर गाड़ी से एक पिस्तौल बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों युवक चुनाराम निवासी रावतसर थाना सदर, करनाराम निवासी गोदारासर बेरीवाला तला थाना सदर तथा जोगेंद्र कुमार निवासी गोदारासर बेरीवाला तला थाना सदर को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।


