शहीदों की वीरांगनाओं को किया नमन, उत्कृष्ट कार्यों के लिए 24 प्रतिभाओं को ​सम्मानित किया

भास्कर न्यूज | अलवर 77वें गणतंत्र दिवस का जिलास्तरीय समारोह इंदिरा गांधी स्टेडियम में मनाया गया। पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में आई चार वीरांगनाओं के पैर छूकर सम्मानित किया। समारोह में 24 प्रतिभाओं का सम्मान किया। बाद में सर्किट हाउस में वीरांगनाओं से साथ खाना खाया व पौधे लगाए। समारोह में जहां कई अधिकारियों की पत्नियां उनके साथ बैठी थी, वहीं मंत्री संजय शर्मा की पत्नी व बच्चे पीछे की लाइन में बैठे रहे। न तो मंत्री ने उन्हें आगे बुलाया और न ही बच्चे आगे आए। इस सादगी की चर्चा रही। मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अलवर को दोनों बजटों में कई विकास योजनाओं की सौगात दी है। सिलीसेढ़ झील से 23 करोड़ की लागत से पेयजल योजना, संशोधित ईआरसीपी और भरतपुर-चंबल परियोजना से अलवर को पानी मिलेगा। शहर की कॉलोनियों में 25 करोड़ से जलापूर्ति व्यवस्था, सरस डेयरी में 350 करोड़ की लागत से नया दुग्ध संयंत्र और कटी घाटी में 25 करोड़ से एनसीआर का सबसे बड़ा बायोलॉजिकल पार्क निर्माणाधीन है। इसके अलावा 45 करोड़ से विज्ञान केंद्र, 15 करोड़ से डिजिटल प्लेनेटेरियम, 60 करोड़ से नया बस स्टैंड, सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, अखैपुरा में नया थाना, स्मार्ट सिटी की तर्ज पर क्लीन एंड ग्रीन ईको सिटी का विकास किया जा रहा है। गुरु नानक ग्रीन लंग्स वाटिका, नमो वन, नगर वन जैसी पर्यावरणीय परियोजनाएं विकसित की गई हैं। सरिस्का में बाघों की संख्या 33 से बढ़कर 50 हो गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएचसी का उन्नयन और सीसी सड़कों, ड्रेनेज कार्य किए जा रहे हैं। खेल सुविधाओं के लिए सिंथेटिक ट्रैक, हॉकी एस्ट्रोटर्फ व इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का निर्माण प्रगतिरत है। मार्च पास्ट में राजस्थान पुलिस (पुरुष) प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन गर्ल्स द्वितीय और राजस्थान पुलिस (महिला) तृतीय स्थान पर रही। विभिन्न विभागों की 13 झांकियां निकाली गईं। इनमें नगर निगम की ‘अतुल्य अलवर’ थीम पर झांकी प्रथम रही। स्टूडेंट्स ने वंदे मातरम थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। केंद्रीय विद्यालय मोती डूंगरी और मैत्रेयी ग्रुप की घूमर प्रस्तुति को प्रथम स्थान मिला। सशक्त नारी, सुरक्षित भारत में शामिल झांकी को लेकर समसा को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश शर्मा, प्रदीप पंचौली एवं रेणू मिश्रा ने किया। समारोह में एसपी सुधीर चौधरी, सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, एडीएम द्वितीय योगेश कुमार डागुर, एडीएम शहर बीना महावर, यूआईटी सचिव धीगदे स्नेहल नाना, डीएफओ राजेन्द्र हुड्डा, जिला परिषद की सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एसडीएम अलवर माधव भारद्वाज, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *