भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी व जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में शांति और उत्साह का प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोड़े गए और हर्ष फायर की भी व्यवस्था की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनका पब्लिक स्कूल, चांपा को प्रथम स्थान, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी को द्वितीय और कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ससहा को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश के वाचन से हुई, जिसे मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह के साथ साझा किया। इस अवसर पर चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को नमन किया। परेड सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल को प्राप्त हुआ, जबकि जिला महिला पुलिस बल ने द्वितीय और सीएएफ 11वीं बटालियन भारत रक्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी ट्रूप नंबर 325 बालक शा उ मा वि क्रमांक 1, जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनसीसी ट्रूप नंबर 325 विंग बालिका शा उ मा वि क्रमांक 1, जांजगीर ने द्वितीय और एनसीसी ज्ञानदीप उ. मा. वि जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एनसीसी महाविद्यालय वर्ग में बालक टीसीएल महाविद्यालय, जांजगीर को प्रथम और बालिका टीसीएल महाविद्यालय, जांजगीर को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झांकी रही सबसे उत्कृष्ट विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत झांकियों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला। झांकी में वीबी जी राम जी योजना की भव्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें पीएम आवास योजना, मनरेगा जल संरक्षण संचय, आजीविका डबरी, मछली पालन, स्व सहायता समूहों का प्रशिक्षण, राजमिस्त्री प्रशिक्षण और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों को दर्शाया गया। झांकी में क्यूआर कोड की सुविधा भी दी गई थी, जिसे स्कैन कर आम नागरिक मोबाइल पर योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते थे।


