भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय के स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम गंजपारा में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हुआ। मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर कलेक्टर दिव्या मिश्रा एवं एसपी योगेश कुमार पटेल के साथ परेड की सलामी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड और झांकी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया गया। परेड सीनियर मंे 21वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल करकाभाट को प्रथम स्थान एवं जिला पुलिस बल पुरुष को द्वितीय स्थान तथा जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी तरह परेड जुनियर के अंतर्गत एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बालोद को प्रथम स्थान, एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह को द्वितीय स्थान एवं गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। शासन की योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए निकाली गई झांकी में कृषि विभाग को प्रथम स्थान, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय स्थान एवं आदिवासी विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ब्लेज एकडेमी उमरादाह को प्रथम स्थान, गुरूकुल विद्यापीठ बालोद को द्वितीय स्थान एवं संस्कार शाला बालोद को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनाने पर सराहा समारोह में शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और हर्षोल्लास के प्रतीक रंगबिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े। बालोद जिले को पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर जिला प्रशासन, समाज प्रमुखों, जिलेवासियों के प्रयासों की सराहना कर उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता निश्चित करने के लिए शपथ दिलाई गई। इस दौरान संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, जिपं अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, नपाध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, यशवंत जैन, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू, प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को जनहित एवं लोक कल्याण के पुनीत कार्यों को करने, राष्ट्र व समाज के नवनिर्माण में अपनी बहुमूल्य भागीदारी देने अपील किया। महान देशभक्तों, अमर शहीदों के कार्यों एवं विचारों से प्रेरणा लेकर निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने अपील किया। इस दौरान अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, जिला कोषालय अधिकारी मुकुंद भारद्वाज, जिला जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


