कोटा में डेयरी बूथों पर मिल रहे नशीले पदार्थ:गुटखा-तंबाकू बेच रहे थे दुकानदार; जिला प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई

कोटा में डेयरी बूथ पर डेयरी उत्पादों के अलावा सिगरेट, गुटखा और अन्य सामग्री बेची जा रही है। नगर निगम टीम ने मंगलवार को डेयरी बूथों पर सर्च अभियान चलाया। नगर निगम के राजस्व अनुभाग, अतिक्रमण अनुभाग तथा कोटा डेयरी व पुलिस की संयुक्त टीम ने जवाहर नगर सहित कोचिंग क्षेत्र स्थित विभिन्न डेयरी बूथ पर कार्रवाई की। इस दौरान वहां अवैध रूप से बेची जा रही सामग्री को जब्त किया गया। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया- शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित डेयरी बूथ पर नियमानुसार सिर्फ कोटा डेयरी के उत्पाद ही बेचने की अनुमति है। इन डेयरी बूथ पर अवैध रूप से अन्य सामग्री बेची जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने नगर निगम, कोटा डेयरी और पुलिस को निर्देश दिए थे कि संयुक्त टीम बनाकर डेयरी बूथ की जांच की जाए। टीम ने अचानक की कार्रवाई, गुटखा-तंबाकू बेचने पर किया जब्त
आयुक्त मेहरा ने बताया- निर्देशों की पालना में नगर निगम उपायुक्त राजस्व धीरज कुमार सोनी के नेतृत्व में अचानक कार्रवाई की गई। टीम जवाहर नगर स्थित विभिन्न डेयरी बूथ पर पहुंची। वहां अधिकांश डेयरी बूथ बंद पड़े थे, लेकिन जो भी डेयरी बूथ खुले मिले। वहां टीम ने सघन जांच की। कोटा डेयरी के उत्पादों के अतिरिक्त अन्य सभी उत्पादों को जब्त कर लिया गया। निगम की अचानक हुई कार्रवाई से डेयरी बूथ संचालकों में हड़कंप मच गया। मौके से टीम ने गुटखा, तंबाकू बरामद किए, जिन्हें जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान डेयरी बूथ संचालकों की एनओसी की भी जांच की गई। जो लोग मौके पर एनओसी नहीं दिखा सके। उन्हें दो दिन में निगम कार्यालय में उपस्थित होकर एनओसी दिखाने के निर्देश दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *