भास्कर न्यूज| लुधियाना शादी समारोह में बधाई लेने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में हुए विवाद में युवक का प्राइवेट पार्ट काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 20 जनवरी की दोपहर गांव खानपुर की है। पीड़ित की पहचान मनप्रीत सिंह (21) पुत्र पूरन सिंह, निवासी ख्वाजा कोठी के रूप में हुई है। मनप्रीत ने बताया कि वह ख्वाजा कोठी के पास महंतों के डेरे में पिछले छह महीनों से कुक का काम करता है। 20 जनवरी को गांव खानपुर में एक शादी समारोह में बधाई लेने के लिए गए थे। तब उक्त परिवार ने खुशी का मौका देखते हुए उन्हें बधाई भी दे दी। जब वह बधाई लेकर वापस अपने घर की तरफ आ रहे थे। तभी गांव में ही दूसरे महंतो के ग्रुप ने उन्हें ये “कहकर रोकते हुए बहसबाजी करनी शुरू कर दी कि इलाका उनका है, इसलिए बधाई लेने का हकदार उनका ग्रुप है, इसलिए उन्होंने जितनी भी बधाई ली है। उन्हें देकर खाली हाथ वापस चली जाए। इस पर जब उन्होंने बधाई देने से मना कर दिया तो दूसरे पक्ष ने उन पर चाकू और कैंचियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बीच उनके तीन साथी जख्मी हो गए। जिसके बाद थाना डेहलों में केस दर्ज हुआ। मनप्रीत का आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उसे धमकी दी थी कि उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया जाएगा। इसके बाद 24 जनवरी की शाम वह रोज गार्डन की तरफ सैर के लिए पैदल जा रहा था। आरोप है कि डेंटल अस्पताल के पास कुछ लोगों ने उसे बेहोशी की दवा सुंघाकर कार में बैठा लिया और 26 जनवरी की रात तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद आरोपियों ने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया और उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। राहगीरों ने खून से लथपथ हालत में उसे देखकर सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार युवक का प्राइवेट पार्ट काटा हुआ था, जिससे अत्यधिक खून बह चुका था और उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई सेक्टर-32 रेफर कर दिया और परिजनों को सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि जिन लोगों ने उसका अपहरण किया, वह उन्हें पहचान सकता है। इस संबंध में उसने थाना डिवीजन-3 पुलिस को शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी अमरजीत ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


