गोल गांव की सरहद में लूणी नदी में अवैध खनन कर बजरी भरने की फिराक में घूम रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को पचपदरा पुलिस ने जब्त किया है। वहीं पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहनों को दूदवा चौकी में खड़ा करवाया गया। एसपी रमेश ने बताया कि जिले में अवैध खनन की रोकथाम को लेकर लगातार दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है। पचपदरा व दूदवा चौकी टीम गश्त के दौरान गोल सोढ़ा गांव पहुंची, जहां अवैध खनन की बजरी भरने की फिराक में खड़े पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया गया। जांच करने पर चालकों के पास दस्तावेज नहीं मिले। पांचों वाहनों को सीज कर चालक रामाराम, पुखराज, भोमाराम, गुणेशाराम व नरेश मूंढ को धारा 126/170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थानाधिकारी अचलाराम, दूदवा चौकी प्रभारी अमराराम, कांस्टेबल जसाराम व चुन्नाराम शामिल रहे। इनसाइट – ईसी नहीं मिलने से खनन बंद, इसलिए अवैध खनन बढ़ा लूणी नदी में कई जगहों पर बजरी के अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। 25 जनवरी को समदड़ी पुलिस ने बामसीन फांटा पर देवड़ा सरहद में नाकाबंदी कर अवैध बजरी से भरे ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया था। वहीं जसोल पुलिस ने बिठूजा सरहद में अवैध बजरी भरकर जा रहे दो ट्रेक्टर-ट्रॉली को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लूणी नदी में पचपदरा तहसील में आठ लीजों का आवंटन हो रखा है, लेकिन ईसी जारी होने के बाद केवल कनाना सरहद में एक लीज चल रही है।


