भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा करीब 8 महीने पहले भीमगंज थाने में युवक से मारपीट कर लॉकअप में बंद करने के एक मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए दो पुलिसकर्मियों को तलब कर लिया है। आरोप है कि करीब 8 महीने पहले कावांखेड़ा निवासी मोहम्मद शाहरुख किसी काम को लेकर भीमगंज थाने पर पहुंचा था। कहासुनी के बाद वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों सज्जन सिंह और बीरबल द्वारा गाली-गलौज करने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। युवक को कपड़े उतरवा कर थाने में स्थित बैरक में बंद कर दिया गया था। एसपी से शिकायत के बाद इन दोनों पुलिसकर्मियों को एसपी धर्मेंद्र सिंह द्वारा सस्पेंड भी कर दिया गया था। इसके बाद इस प्रकरण को लेकर प्रार्थी शाहरुख मोहम्मद ने हाईकोर्ट की शरण ली। इस पर हाईकोर्ट ने दोनों पुलिसकर्मियों सज्जनसिंह और बीरबल के खिलाफ संज्ञान लेते हुए उन्हें न्यायालय में तलब किया है। इसके साथ ही मामले को लेकर पहले चल रही प्रक्रियाधीन जांच पर भी हाईकोर्ट ने स्टे ऑर्डर दिया है।


