महू में मेडिकैप्स यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ हुए रेप मामले में किशनगंज पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। यह घटना 26 जनवरी की रात की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि वह इंदौर से लौटकर मेडिकैप्स चौराहे पर हॉस्टल जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक युवक अपनी बुलेट से वहां आया और खुद को कॉलेज का परिचित बताकर छात्रा को छोड़ने की बात कही। आरोपी छात्रा को हॉस्टल ले जाने के बजाय पांदा क्षेत्र की एक निर्माणाधीन टाउनशिप के सुनसान इलाके में ले गया, जहां डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। बिना नंबर की बुलेट से पकड़ाया आरोपी शिकायत मिलते ही पुलिस के आला अफसरों ने एक विशेष टीम बनाई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक बिना नंबर वाली काले रंग की बुलेट संदिग्ध दिखाई दी। मुखबिर से मिली पक्की खबर के बाद पुलिस ने हरसोला रोड पर घेराबंदी की और 23 वर्षीय तुषार वर्मा को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने कबूला जुर्म, बुलेट जब्त कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी तुषार वर्मा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बुलेट भी जब्त कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है। फिलहाल पीड़िता का इलाज और मामले की आगे की जांच जारी है।


