भास्कर न्यूज | जशपुरनगर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल नवा रायपुर द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिले के प्रशासन ने व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर ली हैं। 01 फरवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा के सुचारू और निर्विघ्न संचालन के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शिक्षक पात्रता परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। प्रथम पाली (कक्षा 1 से 5 के लिए) सुबह 9:30 से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। इसके लिए 06 परीक्षा केंद्र (क्रमांक 1901 से 1906) निर्धारित किए गए हैं। द्वितीय पाली (कक्षा 6 से 8 के लिए) दोपहर 3:00 से शाम 5:45 बजे तक होगी। इसके लिए 11 परीक्षा केंद्र (क्रमांक 1901 से 1911) बनाए गए हैं। परीक्षा की पूरी व्यवस्था और समन्वय को बेहतर बनाने के लिए राजीव गांधी शिक्षा मिशन के सहायक परियोजना समन्वयक गणेश सिन्हा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे परीक्षा केंद्रों के संचालन और प्रशासनिक तालमेल की निगरानी करेंगे। पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा केंद्रों तक गोपनीय सामग्री पहुंचाने से लेकर परीक्षा समाप्ति तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखें। जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को नकल रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचें। निर्विघ्न संचालन के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती गोपनीय सामग्री की सुरक्षा और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसमें शास. रा.भ.रा.एन.ई.एस. महाविद्यालय से एल.आर. भगत (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), शास. वि.भू.सिंहदेव कन्या महाविद्यालय से श्याम कुमार (सहायक संचालक, रेशम), शास. बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय से जितेंद्र कुमार पैंकरा (सहायक संचालक, मछली पालन), शास. म.ल.बा. कन्या उ.मा. विद्यालय से विनोद कुमार भगत (कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन), स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उ.मा.वि. से मनीष भगत (प्रबंधक, जिला व्यापार और उद्योग केंद्र), शास. उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय गम्हरिया से मनोज मरकाम (अनुविभागीय अधिकारी, सेतु निर्माण), सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि. बसंत बिहार से सुजीत श्रीवास्तव (सहायक अभियंता, क्रेडा), संत जेवियर उ.मा.वि. शांति भवन से धमेन्द्र साहू (उप संचालक, समाज कल्याण विभाग), जशपुरांचल अंग्रेजी उ.मा.वि. मधुवनटोली से कैलाश भगत (मंडल संयोजक, आदिवासी विकास), संत पॉल अंग्रेजी माध्यम स्कूल बघिमा से विशाल बड़ा (उप अभियंता, लोक निर्माण विभाग), देव पब्लिक स्कूल से कीर्ति नायक मिश्रा (सहायक संचालक, योजना और सांख्यिकी) को जिम्मेदारी सौंपी।


