लुधियाना| शहर में ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर नकदी समेत लोहे के सरिये से लदा ट्रक लूट लिया। यह घटना 24 जनवरी की रात करीब 9 बजे से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। ट्रक मालिक सुमनदीप सिंह निवासी शेरपुर कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास दो ट्रक हैं। इनमें से ट्रक नंबर PB-10-DB-1333 को ड्राइवर तरलोचन सिंह चलाता है। 24 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे तरलोचन सिंह ने फोन कर बताया कि तीन लुटेरों ने उनसे ट्रक लूट लिया है और उन्हें रास्ते में फेंक दिया गया है। सूचना मिलने पर ट्रक मालिक तुरंत दोराहा पहुंचे, जहां ड्राइवर ने पूरी घटना बताई। ड्राइवर तरलोचन सिंह ने बताया कि वह मंडी गोविंदगढ़ से लोहे के सरिये लोड कर शेरपुर कलां पहुंचा था। वहां एक फैक्ट्री से पर्ची लेने के बाद जब वह वापस ट्रक में बैठा, तो वाहन में पहले से तीन अज्ञात युवक बैठे थे। आरोप है कि उन्होंने जबरन उसे पकड़ लिया और ट्रक में बैठाकर साथ ले गए। कुछ दूरी पर जाकर आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और ट्रक लेकर निकल पड़े। बाद में सुनसान जगह पर पहुंचकर चलती गाड़ी से ड्राइवर को सड़क पर फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में पड़े ड्राइवर को राहगीरों ने देखा और उसे फोन दिया, जिसके बाद उसने ट्रक मालिक को घटना की सूचना दी। मामले की जानकारी ग्यासपुरा पुलिस चौकी को दी गई, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी दीप चंद ने बताया कि लूटा गया ट्रक दोराहा से खन्ना की ओर जाते हुए देखा गया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन उनकी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया जाएगा।


