भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस पर लापरवाही के मामले सामने आए हैं। राष्ट्रीय ध्वज के प्रोटोकॉल व गरिमा को ताक पर रख नगर पालिका परिषद से लेकर पंचायतों तक में उदासीनता दिखी। बैकुंठपुर नगर पालिका कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान उस समय असहज स्थिति निर्मित हो गई, जब ध्वज फहराने के बाद उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि राष्ट्रगान गाना ही भूल गए। प्रोटोकॉल के अनुसार ध्वज फहराने के तुरंत बाद राष्ट्रगान होना अनिवार्य है, लेकिन यहां वंदे मातरम् गीत बजा दिया गया। इस दौरान सभी जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मूकदर्शक बनकर खड़े रहे। भांडी के साहूपारा में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया ही नहीं गया। ग्रामीणों ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की उदासीनता अस्वीकार्य है। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। लापरवाही का एक और मामला पोड़ी बचरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जिल्दा में सामने आया। यहां स्थित पथरापारा आंगनबाड़ी केंद्र में गणतंत्र दिवस पर फहराया गया। तिरंगा सूर्यास्त तक नहीं उतारा गया। हद तो तब हो गई जब 27 जनवरी की सुबह करीब 8.30 बजे तक झंडा फहराता रहा। स्थानीय लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की है।


