डूंगरपुर| जिला राशन विक्रेता संघ डूंगरपुर ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले के राशन डीलरों को गेहूं आवंटन में हो रही कटौती और इससे उत्पन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के सभी डीलरों को मिलने वाले गेहूं आवंटन में हर माह कटौती की जाती है, जिसके कारण कई उपभोक्ता शहर और गांव में राशन से वंचित रह जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं और राशन डीलरों के बीच विवाद और झगड़े भी होते हैं। नगर परिषद के सभी डीलरों ने इस समस्या को लेकर कलेक्टर को अवगत कराया कि केंद्र सरकार की वन सेशन योजना के तहत कोई भी उपभोक्ता किसी भी स्थान से गेहूं प्राप्त कर सकता है। इससे डीलरों के पास अपने क्षेत्र के अलावा अन्य उपभोक्ता भी आ जाते हैं, जिसके कारण डीलरों के पास गेहूं समाप्त हो जाता है जबकि अन्य वार्डों के डीलरों के पास गेहूं बच जाता है।इसलिए राशन कार्डधारकों की जनसंख्या के अनुपात में आवंटन का पुनः संतुलन किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में इन मांगों को शामिल किया गया है। इस दौरान नगर अध्यक्ष हरीश यादव, जिला कोषाध्यक्ष राजेश जैन, महेंद्र सेवक, हीरालाल जैन, कांतिलाल जैन, गेहरीलाल जैन, चुन्नी लाल प्रजापत, देवेंद्र जैन सहित अन्य डीलर उपस्थित रहे।


