सागर के मौसम का मिजाज बदला है। मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बाद रात में अचानक मौसम ने करवट बदली और हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर में झमाझम बारिश हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि हुई। बारिश और हवाओं के कारण मौसम में ठंडक लौटी है। दरअसल, मंगलवार को दिनभर सागर में बादलों की आवाजाही बनी रही। बादलों के बीच वातावरण में ठंड का असर कम रहा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में उछाल दर्ज किया गया। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन रात होते ही मौसम बदला और हवा चलना शुरू हुई। रात करीब 11 बजे बारिश का दौर शुरू हुआ। झमाझम बारिश से सड़कों पर पानी बह निकाला। हवाओं में ठंडक घुली। वहीं देवलचौरी में ओलावृष्टि हुई। यहां चना और बेर के आकार के ओले गिरे। इसके साथ ही बीना, खुरई, गौरझामर समेत अन्य थानों पर बारिश हुई है। रात करीब पौने 1 बजे शहर में गरज-चमक के साथ बारिश के साथ ओले भी गिरे। बारिश, हवा के असर से पारे में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उससे गुजर रही ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है। अगले 24 घंटे मौसम ऐसा ही बना रहने का अनुमान है। इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत में अगला नया सिस्टम 30 जनवरी को सक्रिय हो रहा है। दो से तीन दिन बाद सिस्टम मध्यप्रदेश में भी असर दिखाएगा। यानी फरवरी की शुरुआत में भी प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। बारिश और सर्द हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान है।


