ASI के सिर पर मारी कुल्हाड़ी:कांगड़ा में घरेलू हिंसा की शिकायत पर पहुंचे थे पुलिसकर्मी. हमला कर फरार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस पर हमला हुआ है। नूरपुर जिला पुलिस के फतेहपुर थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर शिकायतकर्ता के पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) इंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। यह घटना 25 जनवरी की रात की है। तुहाड़ पंचायत (हटली) निवासी इंद्र बाला नामक महिला ने 112 हेल्पलाइन पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलने पर फतेहपुर थाने के जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायत कर्ता के पति ने किया हमला पुलिस टीम मौके पर मामले की जांच कर रही थी, तभी महिला का पति और आरोपी बुद्धि सिंह वहां आ गया। उसने एएसआई इंद्र सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन कुल्हाड़ी एएसआई के सिर पर लग गई, जिससे उन्हें चोट आई। हमले के बाद फरार हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही देर में पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी बुद्धि सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *