वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। बीती रात जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, साथ में सर्द हवाओं से शीतलहर और ठिठुरन बनी हुई है। बुधवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और आसमान में बादल छाए होने से धूप भी नहीं निकली। ऐसे में बैक टू बैक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण अगले एक से दो सप्ताह तेज सर्दी का दौर बना रह सकता है। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में भी न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बने रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने 31 जनवरी से एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से बारिश, आंधी का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। आज से चलेगी शीतलहर, तेज होगी सर्दी
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में ह्यूमिडिटी बढ़ गई, जिससे बुधवार और गुरुवार घना कोहरा छाएगा। इसके साथ ही आज से उत्तरी हवाओं (शीतलहर) फिर से चलेगी, जिससे सुबह-शाम के अलावा दिन में भी गलनभरी सर्दी रहने और तापमान में गिरावट हो सकती है।


