नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में सर्दी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। आज सुबह इन दोनों ही जिलों के बड़े हिस्से में जबरदस्त कोहरा और कड़ाके की ठंड देखी गई। कोहरे का असर इतना ज्यादा था कि सड़कों पर गाड़ियां चलाना मुश्किल हो गया और लोग ठिठुरन की वजह से अपने घरों से बाहर नहीं निकल पाए। मौसम के इस बदले मिजाज से आम लोगों का कामकाज और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागौर मुख्यालय पर तापमान जहां कल न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास बना हुआ था वाह आज 4 डिग्री के निचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में नागौर में हल्के तो डीडवाना में घने बादल छाए रहने का अनुमान जारी किया है। पहले तस्वीरों के जरिये समझिये मौसम का हाल… नागौर जिले का हाल: हाईवे पर छाई धुंध और शून्य विजिबिलिटी नागौर जिले में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई।जिला मुख्यालय पर कोहरे की वजह से विजिब्लिटी जहां 10 मीटर के आसपास रही वहीं मुंडवा, कुचेरा, मेड़ता, सांजू, रियां बड़ी, थांवला और डेगाना जैसे इलाकों में भी कोहरा इतना घना था कि हाईवे पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं। कोहरे की वजह से ड्राइवरों को दिन में भी अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी क्योंकि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। मुंडवा के आसपास तो दृश्यता महज 20 मीटर ही रह गई। हालांकि, जिले के खींवसर इलाके में मौसम बिल्कुल साफ रहा, जिससे वहां के लोगों को राहत मिली। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों तक कोहरे का असर बना रह सकता है, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। डीडवाना-कुचामन जिले का हाल: मावठ के बाद बढ़ी ठिठुरन डीडवाना-कुचामन जिले में कल हुई मावठ (बेमौसम बारिश) ने ठंड को और बढ़ा दिया है। डीडवाना मुख्यालय और इसके आसपास के गांवों में सुबह-सुबह कोहरा छाया रहा और बर्फीली हवाओं ने लोगों को कंपा दिया। सर्दी से बचने के लिए सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोग जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ तापते नजर आए। जिले के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग असर रहा; जहां परबतसर में हल्का कोहरा रहा जबकि कुचामन में हल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं नावां और मकराना में धूप निकली और मौसम साफ रहा। बारिश के बाद बढ़ी नमी ने हाईवे पर गाड़ी चलाने वालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


