नहर में मिला मगरमच्छ का बच्चा:दतिया में वन विभाग ने रेस्क्यू कर सिंध नदी में छोड़ा, तीन माह पहले भगुवापुरा में मिला था

दतिया जिले के भगुवापुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मलियापुरा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब माइनर नहर में एक मगरमच्छ का बच्चा दिखाई दिया। नहर के पास मगरमच्छ नजर आते ही ग्रामीणों में डर फैल गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। मगरमच्छ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि इस समय नहर में नियमित पानी नहीं चल रहा था, इसलिए ग्रामीणों की मदद से मोटर पंप लगाकर नहर का पानी खाली कराया गया। इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ के बच्चे को रेस्क्यू कर लिया। तीन महीने पहले भी मिला था मगरमच्छ
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ के बच्चे को सेवड़ा स्थित सिंध नदी में सुरक्षित छोड़ दिया। भगुवापुरा थाना प्रभारी साकिर खान ने बताया कि इससे पहले भी करीब तीन महीने पहले इसी क्षेत्र में मगरमच्छ का बच्चा मिला था, जिसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नहरों और नदी किनारे निगरानी और सतर्कता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की जनहानि न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *