रामानुजगंज में बस-टेलर टक्कर, 20 से अधिक घायल:धूल के कारण अरागाही के पास हुआ हादसा

रामानुजगंज-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आईटीआई कॉलेज अरागाही के समीप एक यात्री बस सामने चल रहे टेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई दी। यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज से बलरामपुर के बीच सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने के कारण अत्यधिक धूल उड़ रही थी। बताया जा रहा है कि इसी धूल के कारण बस चालक को आगे चल रहा टेलर स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। सभी घायल यात्रियों को तत्काल रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में विकासखंड शिक्षा कार्यालय रामचंद्रपुर में पदस्थ इंद्रमणि, जनपद कार्यालय में पदस्थ प्रियम सिंह, तहसील कार्यालय के असगर अंसारी, एसडीएम कार्यालय के जितेंद्र पाल, सूरजपुर जिले के सहायक प्राध्यापक विकास कुमार, महाविद्यालय की छात्रा ज्योति आयाम, अधिवक्ता रश्मि गुप्ता, महाविद्यालय के छात्र अनीश अंसारी और छात्रा संजना मिस्त्री सहित अन्य यात्री शामिल हैं। फिलहाल, सभी घायलों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है। सड़क निर्माण एजेंसी की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि धूल नियंत्रण के लिए उचित उपाय नहीं किए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *