जयपुर दिल्ली नेशनल हाईवे 48 पर कोटपूतली के पास सोमवार की रात 1 बजे एलपीजी गैस से भरा टैंकर सर्विस रोड पर पलट गया। गैस से भरा टैंकर कांडला पोर्ट (गुजरात) से रोहतक जा रहा था। टैंकर के ड्राइवर राजवीर सिंह ने बताया- रविवार सुबह गुजरात के कांडला पोर्ट से 17 टन एलपीजी गैस से भरा टैंकर हरियाणा के रोहतक के लिए निकला था। इस दौरान कोटपूतली में रात 1 बजे महरोज कट (भाबरू थाना) के सामने पीछे से आ रही एक गाड़ी के कट मारने से टैंकर बेकाबू हो गया और सर्विस लाइन पर पलट गया। टैंकर पलटने पर आसपास के होटल वाले मौके पर पहुंचे और घायल ड्राइवर को बाहर निकाला। सूचना पर भाबरू पुलिस टीम पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करवाया। स्थानीय लोगों ने बताया- रातभर टैंकर सर्विस रोड पर पड़ा रहा। हालांकि इस दौरान जानकारी नहीं थी कि टैंकर में एलपीजी गैस भरी हुई है। सुबह करीब 11 बजे पुलिस की मौजूदगी में दो क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने की कोशिश शुरू की। इस दौरान टैंकर से गैस लीकेज होते ही प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। गैस लीक की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए। आसपास के करीब 500 मीटर एरिया तक सभी ढाबा संचालक और होटल मालिकों को अपनी बिल्डिंग खाली करने के निर्देश दिए गए, जिनमें से अधिकांश बिल्डिंग खाली भी की जा चुकी है। घटना की जानकारी पावटा के फायर अधिकारी धर्मेंद्र यादव को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटपूतली-बहरोड़ फायर सेफ्टी अधिकारी सत्य नारायण को भी घटना के बारे में बताया गया। इसके बाद चार फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और पानी डालकर रिसाव को रोकने की कोशिश की। फायर सेफ्टी अधिकारी सत्यनारायण वर्मा ने बताया- रिसाव नहीं रुकने पर एचपी कंपनी के अधिकारियों को जानकारी दी गई। टैंकर में करीब 17 टन गैस है, इसके लिए रिसाव को देखते हुए काम को बंद कर दिया है। जबकि डेढ़ किलोमीटर एरिया को सेंसिटिव जोन में लिया है। इधर, प्रशासन की लापरवाही भी मौके पर दिखाई दी। आज दोपहर डेढ़ बजे तक हाईवे पर ट्रैफिक चालू रहा, जिसे 17 टन गैस की जानकारी मिलने के बाद रोक दिया गया।


