भास्कर न्यूज | अमृतसर रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच कई भारतीय युवाओं को कथित तौर पर रूसी सेना में भर्ती कर युद्ध में भेजे जाने के मामले सामने आ चुके हैं। कई युवक लंबे समय से अपने परिवारों के संपर्क में नहीं हैं, जबकि कुछ की युद्ध में मारे जाने की भी पुष्टि हुई है। वहीं अब अमृतसर के जोड़ा फाटक इलाके का मामला सामने आया है, जहां स्टडी वीजा पर रूस गया युवक 5 माह से लापता है। जोड़ा फाटक निवासी हीरा सिंह (33) सितंबर 2024 में स्टडी वीजा पर रूस गया था। परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में सेना से कोई संबंध नहीं था, लेकिन बाद में हालात ऐसे बने कि उन्हें रूसी आर्मी में भर्ती कर लिया गया। 24 सितंबर 2025 को हीरा सिंह ने पत्नी नवदीप कौर को फोन किया। हीरा ने बताया कि उनकी टीम को भी जंग के लिए रवाना किया जा रहा है। इसके बाद से हीरा सिंह का परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से हीरा को ढूंढने की मांग की हैं। नवदीप कौर ने बताया कि पति हीरा सिंह 18 सितंबर 2024 को स्टडी वीजा पर रूस गए थे। इसके बाद फरवरी 2025 में एक महीने की छुट्टी लेकर अमृतसर अपने घर आए थे। उस समय सेना में भर्ती या युद्ध में भेजे जाने जैसी कोई बात सामने नहीं थी। छुट्टी पूरी होने के बाद वे 10 मार्च 2025 को दोबारा रूस लौट गए। 6 अगस्त 2025 को हीरा सिंह ने फोन कर बताया कि उन्हें रूस के ईवन नोवा सेंट्रल स्थित आर्मी यूनिट में भर्ती कर लिया गया है। इस खबर से परिवार को शुरू में खुशी भी हुई। हीरा सिंह आर्मी की वर्दी में अपनी तस्वीरें भी परिवार को भेजते रहे। नवदीप कौर ने बताया कि पति के लापता हुए 5 महीने से ज्यादा समय हो चुका है लेकिन अब तक कोई सूचना नहीं मिली है। उनकी शादी 2019 में हीरा सिंह से हुई थी। उनके 3 बच्चे हैं। बड़ा बेटा साढ़े 5 साल का है और दिव्यांग है, जबकि 2 बेटियां हैं। नवदीप ने बताया कि फरवरी 2025 में पति जब छुट्टी पर घर आए थे, तब सब कुछ सामान्य था। 24 सितंबर को हुई फोन कॉल के बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। हीरा सिंह 4 भाइयों में से एक हैं। उनकी मां रवैल कौर और अन्य रिश्तेदारों ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से हीरा सिंह को ढूंढने और सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है। परिवार मानसिक तनाव में है और हर दिन किसी खबर की उम्मीद में गुजर रहा है।


