जयपुर-सीकर हाईवे पर सोमवार सुबह मर्सिडीज कार ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर ओवर स्पीड मर्सिडीज कार बिजली पोल से टकराकर एक फार्म हाउस की दीवार तोड़ते हुए जा घुसी। एयरबैग खुलने से चालक की जान बचने वह क्षतिग्रस्त कार का सनरुफ खोलकर भाग निकला। हरमाड़ा थाना पुलिस ने घायल राहगीर को कांवटिया हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। पुलिस क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर चालक की जानकारी जुटा रही है। SHO (हरमाड़ा) उदयभान ने बताया- हादसा सुबह करीब 7:45 बजे माधोनगर में रानीबाग गार्डन के पास हुआ। एक मर्सिडीज कार जयपुर-सीकर हाईवे पर सर्विस रोड पर चौमूं की ओर जा रही थी। मर्सिडीज कार ने लक्की फार्म हाउस से निकलकर जा रहे चौकीदार मोहन गुर्जर (50) को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह लहूलुहान हालत में रोड पर जा गिरा। ओवर स्पीड के चलते अनियंत्रित मर्सिडीज पास ही एक बिजली पोल से जा टकराई। जिसके बाद लक्की फार्म हाउस की दीवार तोड़ते हुए जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली पोल के चार टुकड़े हो गए। दीवार तोड़कर घुसने के कारण कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार का आगे का पहिया भी टूटकर अलग जा गिरा। बच गई चालक की जान
हादसे के बाद मर्सिडीज कार के एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई। कार के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण वह उसमें फंस गया। सनरुफ खोलकर बाहर निकलकर चालक कार को छोड़कर भाग निकला। लोगों की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चौकीदार मोहन गुर्जर (50) पुत्र मेवाराम गुर्जर निवासी मूलत: किशनपुरा टोंल को कांवटिया हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।


