खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित सक्षम अपात्र व्यक्ति को ‘गिव अप’ अभियान के तहत नाम हटवाने का एक और मौका दिया गया है। योजना से जुड़े ऐसे लोग स्वेच्छा से 28 फरवरी तक अपना नाम हटवा सकते हैं। जिले में अब तक 511 परिवारों ने इसके लिए आवेदन किया है। जिला रसद अधिकारी मोहन लाल देव ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित सक्षम व्यक्ति को स्वेच्छा से योजना से नाम हटवाने के लिए ‘गिव अप’ अभियान चलाया जा रहा है, जो 28 फरवरी तक चलेगा। 28 फरवरी तक स्वेच्छा से अपना नाम खाद्य सुरक्षा योजना से हटवाने वाले व्यक्तियों को राहत दी जाएगी। रसद विभाग इसके बाद इस अभियान में गेहूं की वसूली शुरू करेगा। अभियान के दौरान यदि सक्षम व्यक्ति अपना नाम योजना से नहीं हटवाते हैं तो कानूनी कार्यवाही कर उठाए गए गेहूं की 27 रुपए प्रति किलो के हिसाब से वसूली की जाएगी। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 511 परिवारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनकी जांच के बाद 2337 व्यक्तियों के नाम ‘गिव अप’ योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से हटा दिए गए हैं।


