लातेहार में युवक की इमली पेड़ से लटकी मिली लाश:एक साल पहले मां का हुआ था देहांत, काम के लिए फरवरी में जाने वाला था केरल

लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एक युवक की इमली के पेड़ से लटकी लाश बरामद की गई। उसका शव महुआडांड़-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर बहराटोली मोड़ के पास मिला। मृतक की पहचान देवानंद लकड़ा (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने सुसाइड किया है। देवानंद लकड़ा, सुनेश्वर लकड़ा के पुत्र थे और राजदंडा गांव के निवासी थे। वह मूल रूप से गारू प्रखंड के करवई पंचायत के रहने वाले थे, लेकिन बचपन से ही अपने परिवार के साथ महुआडांड़ के राजदंडा स्थित अपने मामा के घर में रह रहे थे। पिता का निधन बचपन में ही हो गया था मृतक के मामा सुरेश एक्का ने बताया कि देवानंद बचपन से ही उनके घर में रहता था। उसके पिता का निधन बचपन में ही हो गया था, जबकि एक वर्ष पूर्व उसकी मां का भी देहांत हो गया था। देवानंद केरल में मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। वह दिसंबर माह में घर आया था और फरवरी में काम के लिए वापस केरल जाने वाला था। सुरेश एक्का के अनुसार, मंगलवार शाम को देवानंद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर अचानक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार और एएसआई रामकुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *