धौलपुर जिले के मनियां उपखंड में रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे एक कर्मचारी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब सवा सात बजे हुई। कीमैन मिट्ठन सिंह ने बताया कि संतोष कुमार (35) पुत्र प्रभुदयाल, निवासी जलालपुर मनियां, सुबह लगभग 5 बजे ड्यूटी पर आया था। वह रेलवे ट्रैक पर कीमैन का कार्य कर रहा था। सुबह करीब सवा 7 बजे अत्यधिक कोहरे के कारण वह एक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उत्तर मध्य रेल के आगरा डिविजन के मनियां-जाजऊ खंड में यूनिट नंबर 49 के संतोष कुमार की थर्ड लाइन किलोमीटर 1309 के खंबा 2 से 4 के बीच कार्य करते समय एक टैंक मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही सीनियर मंडल इंजीनियर सेकंड आगरा और एडीईएन धौलपुर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अन्य रेलवे कर्मचारी और मैन्स यूनियन के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।


