पाली में बुधवार को कई चुड़ी फैक्ट्री चलाने वाले व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। वे ADM बजरंगसिंह ने मिले। अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि प्रशासन के आदेश के बाद उन्होंने अपनी चुड़ी फैक्ट्री शहर से बाहर रीको औद्योगिक एरिये में शिफ्ट कर दी। लेकिन उसके बाद भी पाली शहर के हैदर कॉलोनी, बजरंग बाडी, कालू कॉलोनी, नया गांव, मंडिया रोड सहित कई आवासीय कॉलोनियों में अवैध रूप से चुड़ी फैक्ट्रियां चल रही है। जिससे सीधा नुकसान उन्हें उठाना पड़ रहा है। क्योंकि औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री लगाने के बाद उन्हें GST देना पड़ रहा है। शहर में माल भेजने की लागत बढ़ गई है। लेकिन दूसरी तरफ शहर में अवैध रूप से फैक्ट्री चला रहे लोग उनसे कम खर्च में माल बेच रहे है। जिसके चलते उन्हें ऑर्डर बहुत कम मिल रहे है। ऐसे में उन्हें उद्योग चलाने में दिक्कत हो रही है। जबकि वहां फैक्ट्री स्थापित करने के लिए अधिकतर व्यापारियों ने लोन ले रखा है। अब व्यापार नहीं चलेगा तो लोन की किश्तें कैसे भरेंगे। उन्होंने शहर में अवैध रूप से चल रही औद्योगिक फैक्ट्रियों को भी रीको एरिया में स्थापित करवाने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में चुड़ी व्यापारी मौजूद रहे।


