पंजाब में फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ में स्क्रैप का गोदाम लूटने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस गिरोह के 4 सदस्यों को काबू करके वारदात में प्रयोग की गाड़ी, खिलौना पिस्तौल और अन्य सामान बरामद किया गया। इन्होंने 7 सिक्योरिटी गार्ड और 5 मजदूरों को बंधक बनाकर वारदात की थी। फतेहगढ़ साहिब की एसएसपी डा. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि 13 दिसंबर को पुलिस स्टेशन मंडी गोबिंदगढ़ में प्रवीण अग्रवाल निवासी मंडी गोबिंदगढ़ ने बयान दर्ज कराए थे कि उसका तांबा स्क्रैप का काम और व्यापारिक गोदाम, बजरंग बली स्टील शंकर मिल रोड, अमलोह रोड, मंडी गोबिंदगढ़ स्थित है। 11 दिसंबर को अज्ञात व्यक्ति उसके गोदाम की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और गोदाम के सुरक्षा गार्ड एवं पांच मजदूरों को डरा-धमका कर कमरे में बंद कर दिया गया था। चोर लगभग 35 क्विंटल तांबे के स्क्रैप और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों खिलाफ केस दर्ज किया था। क्रिमिनल बैकग्राउंड के आरोपी एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीमों के तकनीकी एवं डिजिटल मूल्यांकन तथा लगातार दिन-रात की मेहनत से आरोपी रणधीर सिंह निवासी साहनेवाल, अनिल कुमार निवासी गांव महपतगंज, यूपी, करण सिंह निवासी बेरवा नेपाल हाल निवासी ढंडारी खुर्द लुधियाना और सुनील निवासी ढंडारी खुर्द लुधियाना को महिंद्रा गाड़ी सहित चोरी किए गए तांबे के स्क्रैप के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप बरामद कर ली गई है। एसएसपी ने बताया कि, आरोपी रणधीर सिंह के पास से एक हॉकी, सुनील कुमार के पास से एक खिलौना पिस्तौल, करण सिंह के पास से एक तलवार और अनिल कुमार के पास से एक तलवार बरामद हुई है। आरोपियों खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं।


