देवास शहर के मल्हार स्मृति उद्यान में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कचरे के ढेर में एक साथ 35 टैबलेट लावारिस हालत में पड़े मिले हैं। दो दिन पहले उद्यान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने इन्हें देखा और नगर निगम को सूचना दी। निगम कर्मियों ने टैबलेट जब्त कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिए हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में टैबलेट मिलना किसी गड़बड़ी या लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। उद्यान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे, तभी उनकी नजर कचरे के ढेर पर पड़ी, जहां लावारिस हालत में टैबलेट पड़े थे। बच्चों और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर निगम के उद्यान कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही उद्यान कर्मचारी और निगम उपयंत्री के सहायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी टैबलेट को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और कोतवाली थाने जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सरकारी संपत्ति होने की आशंका सूत्रों के मुताबिक, इन टैबलेट के शासकीय संपत्ति होने की आशंका है। नियम कहते हैं कि यदि कोई शासकीय सामग्री खराब या अनुपयोगी हो जाती है, तो उसे विधिवत प्रक्रिया के तहत शासन को लौटाया जाता है, न कि खुले कचरे में फेंका जाता है। ऐसे में उद्यान में 35 टैबलेट का इस तरह मिलना गंभीर लापरवाही है। उद्यान के पीछे नशेड़ियों का डेरा स्थानीय लोगों का कहना है कि उद्यान के पीछे का क्षेत्र लंबे समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ये टैबलेट कहां से आए और यहां क्यों फेंके गए। पुलिस बोली- कंपनी का नाम नहीं सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि “मल्हार स्मृति उद्यान में कचरे के ढेर में 35 टैबलेट बंद अवस्था में मिले थे। इन पर किसी कंपनी का नाम भी नहीं है और थाने पर इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।”


