राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं के बाद अब खेलों में भी डमी खिलाड़ियों के शामिल होने का मामला सामने आया है। डिस्ट्रिक्ट और चैलेंजर स्तर पर नहीं खेले दो खिलाड़ी सीधे सेंट्रल जोन अंडर-14 टूर्नामेंट में पहुंच गए। मामले का खुलासा होने के बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) एडहॉक कमेटी ने राजस्थान अंडर-14 टीम के हेड कोच अजहरुद्दीन को सस्पेंड कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, सेंट्रल जोन अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन मध्यप्रदेश के इंदौर में किया जा रहा है। इसमें राजस्थान की टीम भी हिस्सा लेने पहुंची है। 24 जनवरी को राजस्थान टीम के मैच से पहले टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हो गए, जिन्हें राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की चयन समिति ने सलेक्ट ही नहीं किया था। दोनों खिलाड़ी टीम के साथ RCA की ड्रेस और किट में वॉर्मअप सेशन में शामिल हुए। खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और डग-आउट भी साझा किया। सिफारिश के जरिए कराई गई एंट्री RCA से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दोनों खिलाड़ी राजस्थान के अलग-अलग जिलों से बतौर गेस्ट प्लेयर टीम में शामिल हुए थे। एक खिलाड़ी के पिता राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एक टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ के रूप में जुड़े हुए हैं। दूसरे खिलाड़ी की एंट्री बड़ी सिफारिश के जरिए कराई गई। हेड कोच ने फोन कॉल का दिया हवाला इस पूरे मामले पर राजस्थान अंडर-14 टीम के हेड कोच अजहरुद्दीन ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्हें RCA की ओर से एक फोन कॉल आया था, जिसमें कहा गया था कि दो बच्चे टीम के साथ आएंगे। उन्हें वॉर्मअप सेशन में शामिल करना है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों खिलाड़ियों के पास राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की आधिकारिक ड्रेस और किट बैग थे, इसलिए उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। RCA ने मानी लापरवाही इस मामले पर RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा- पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत टीम के हेड कोच को सस्पेंड कर वापस बुला लिया गया है। कुमावत ने कहा- बिना चयन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भेजना एक बेहद गंभीर मामला है। जो भी लोग इसमें शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। निष्पक्ष जांच कराई जाएगी कि बिना चयन के खिलाड़ियों के पास RCA की ड्रेस और किट बैग कैसे पहुंचे और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही।


