अजमेर जिले के नसीराबाद रोडवेज बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह बस में अचानक आग लग गई। बस अजमेर डिपो की थी। आग से बस जलकर राख हो गई। घटना सुबह 5 बजे हुई। बस स्टैंड पर कोई यात्री या अन्य बस मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। नसीराबाद सिटी थाने के हैड कॉन्स्टेबल सुलेमान ने बताया- बस स्टैंड पर चाय की दुकान चलाने वाले नवाब ने मुझे 5 बजे के करीब फोन किया। बताया कि नसीराबाद स्टैंड पर खड़ी राजस्थान रोडवेज की बस में आग लगी है। मैं टीम के साथ मौके पर पहुंचा। देखा तो बस जल रही थी। मैंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ देर में फायर ब्रिगेड पहुंची। एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। बस खाली थी और बस स्टैंड पर खड़ी थी। आग लगने के बाद बस चल पड़ी थी। हालांकि कुछ फीट की दूरी पर आगे दीवार आने से टकराकर रुक गई। आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मौके पर मौजूद बस स्टैंड के बुकिंग एजेंट शिवशंकर शर्मा ने बताया- मैंने देखा कि आग लगने के कुछ देर बाद बस अपने आप चल पड़ी। करीब 20 फीट चलने के बाद सामने दीवार से जा टकराई। गनीमत रही कि वहां कोई दूसरी बस या यात्री नहीं था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बस स्टैंड प्रभारी श्यामसिंह ने बताया- अजमेर डिपो की बस अजमेर से नसीराबाद आकर नाइट स्टे के दौरान स्टैंड पर खड़ी थी। नसीराबाद से सुबह 6.45 बजे इसे अजमेर के लिए रवना होना था। सुबह आग लग गई। हादसा क्यों और कैसे हुआ यह जांच का विषय है। पुलिस ने शॉर्ट सर्किट का शक जताया है। बस का ड्राइवर जोगेश यादव है। हादसे के समय वह कहां पर था, इस बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)


