मंदसौर के सीआरपीएफ जवान की जम्मू-कश्मीर में मौत:खड़े वाहन को बस ने मारी टक्कर, छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे; आज पहुंचेगा शव

मंदसौर जिले के ग्राम बानियाखेड़ी निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार प्रजापति (45) की जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। जवान मुकेश छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे। जवान का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से उदयपुर लाया जाएगा, जहां से बुधवार शाम तक उनके पैतृक गांव बानियाखेड़ी पहुंचेगा। गुरुवार सुबह राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। खड़े वाहन को बस ने मारी टक्कर बता दें कि, हादसा मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर जखानी-चेनानी इलाके के पास हुआ। एक यात्री बस ने सड़क किनारे मरम्मत के लिए खड़े एक मालवाहक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान बस ने एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण भिड़ंत में बस में सवार जवान मुकेश प्रजापति समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है। अन्य मृतकों में उधमपुर और बटोटे क्षेत्र के स्थानीय लोग शामिल हैं। जवान मुकेश छुट्टी लेकर बस से अपने घर लौट रहे थे। घर में थी खुशियां, अब पसरा सन्नाटा मुकेश सीआरपीएफ में 20 साल की सेवा पूरी कर चुके थे। उनके के परिवार में अभी कुछ समय पहले ही खुशियों का माहौल था। बीते नवंबर में ही उनके दो बेटों, शुभम और गुलशन की शादी हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी संतोष बाई और बुजुर्ग माता-पिता हैं। उनके माता-पिता को अभी तक इस हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। जवान के बड़े पिता रामगोपाल प्रजापति और अन्य परिजन इस अपूरणीय क्षति से गहरे सदमे में हैं। राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार शहीद जवान का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से उदयपुर लाया जाएगा, जहां से बुधवार शाम तक उनके पैतृक गांव बानियाखेड़ी पहुंचेगा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में गुरुवार सुबह राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीण और प्रशासन अंतिम विदाई की तैयारियों में जुटे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *