एसडीआरएफ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश:बैठक में कलेक्टर ने दिए आदेश, राजस्व मामलों के निपटारे में देरी पर जताई नाराजगी

जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कलेक्टर ने एसडीआरएफ (SDRF) के तहत लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व मामलों के निस्तारण में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कलेक्टर गोदारा ने सभी विकास अधिकारियों को एसडीआरएफ कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों का उपयोग प्रमाण-पत्र तुरंत भेजने और कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंगनबाड़ी, स्कूलों और चिकित्सा संस्थानों में एसडीआरएफ के तहत चल रहे कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबित कोर्ट केसों के निस्तारण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले उपखंड अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इजराय और पत्थर गढ़ी के प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने, भूमि अधिग्रहण के लंबित मुआवजे के मामलों का शीघ्र समाधान करने और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *