सीकर में आज बूथ लेवल अधिकारियों(BLO) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। BLO ने मानदेय नहीं देने और मानसिक परेशान करने को लेकर निर्वाचन शाखा के कार्मिकों के खिलाफ नारेबाजी की। BLO बिजेंद्र सिंह महरिया ने बताया कि S.I.R. में कर्मठता से काम करने के बावजूद अल्प मानदेय के लिए तरसना पड़ रहा है। सभी जिलों में मतदाता दिवस का पेमेंट हो गया, लेकिन सीकर के बूथ लेवल अधिकारियों को अलाउंस नहीं दिया गया। निर्वाचन शाखा का एक कर्मचारी BLO’s को व्हाट्सप ग्रुप में सार्वजनिक धमकी देता है और जलील करता है। BLO’s ने कहा कि निर्वाचन शाखा के कर्मचारी का व्यवहार न्यायोचित नहीं है। BLO पिछले 8 महीने से पेमेंट लीव के लिए परेशान हो रहे हैं, लेकिन प्रभारी अधिकारी टाइम नहीं होने की बात कहकर टाल देते हैं। S.I.R. के लिए BLO ने रात-रातभर काम किया लेकिन ऑफिस में बैठे कार्मिक समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं। सीकर के सभी बीएलओ ने पेमेंट लीव और चाइल्ड केयर लीव स्वीकृत करने, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े व्हाट्सप ग्रुप को एडमिन मोड ना रखने, मतदाता दिवस का स्पेशल अलाउंस जारी करने समेत कई समस्याओं के समाधान की मांग की है।


