पावर हाउस फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा:ट्रक की चपेट में आए बीआईटी के छात्र की मौत, हिट एंड रन का मामला दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 स्थित पावर हाउस फ्लाईओवर पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीआईटी दुर्ग के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात ट्रक ने दोपहिया वाहन सवार छात्र को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हिट एंड रन का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शुभांक वैष्णव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर का निवासी था और वर्तमान में बीआईटी दुर्ग में अध्ययनरत था। पुलिस के अनुसार शुभांक मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे खुर्सीपार से दुर्ग की ओर अपने एक्टिवा वाहन से जा रहा था। जैसे ही वह पावर हाउस फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने तेज गति में उसे जोरदार टक्कर मार दी। रौंदते हुए निकल गया ट्रक
टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभांक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक ने रुकने की बजाय मौके से फरार होना ही उचित समझा। घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस संभावित मार्गों पर भी जांच कर रही है। फ्लाईओवर के उपर हादसा होने से सीसीटीवी फूटेज मिलने में समस्या भी आ रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *