सिंगरौली के तिनगुड़ी विकासखंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल तिनगुड़ी का परीक्षा केंद्र बदले जाने पर छात्र-छात्राओं ने असंतोष व्यक्त किया है। बुधवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा केंद्र को पूर्ववत रखने की मांग की। कलेक्टर से परीक्षा केंद्र को पूर्ववत रखने की मांग छात्रा रीना साकेत ने बताया कि परीक्षा केंद्र बदलने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तिनगुड़ी क्षेत्र ग्रामीण और वनांचल इलाका है, जहाँ परिवहन के साधन सीमित हैं। छात्रों को अब 15 से 20 किलोमीटर, और कुछ मामलों में 35 से 40 किलोमीटर दूर परीक्षा देने जाना पड़ रहा है। इससे छात्रों पर न केवल समय और आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि खासकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं पैदा हो गई हैं। छात्राएं बोलीं-35 किलोमीटर दूर जाने से हो रही परेशानी छात्रों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि क्षेत्र में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाएं, बस सेवा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं अपर्याप्त हैं, जिससे दूरस्थ परीक्षा केंद्र तक पहुँचना कई विद्यार्थियों के लिए मुश्किल हो गया है। छात्रों का कहना है कि पहले जब परीक्षा केंद्र तिनगुड़ी में ही था, तब कोई असुविधा नहीं होती थी, लेकिन अचानक किए गए इस बदलाव से उनकी परीक्षा की तैयारी और मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है। डीईओ बोले-तिनगुड़ी हायर सेकेंडरी में केवल 70 छात्र इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिनगुड़ी हायर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा केंद्र गन्नई बनाया गया है। इसका कारण यह है कि गन्नई हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों की संख्या लगभग 170 है, जबकि तिनगुड़ी हायर सेकेंडरी में केवल 70 छात्र हैं। दोनों स्कूलों के बीच की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। फिलहाल, छात्र और अभिभावक जिला प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए परीक्षा केंद्र को पुनः तिनगुड़ी में ही बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।


