बांसवाड़ा में जीपीओ सर्कल पर एक डंपर ने बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक बुरी तरह डैमेज हो गई। जबकि समय रहते बाइक सवार ने छलांग लगाकर जान बचाई। उसे मामूली चोटें आई। घटना बुधवार शाम 6 बजे के करीब हुई। जानकारी के अनुसार- शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल जीपीओ सर्कल पर एक बेकाबू डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक डंपर के अगले टायरों के नीचे फंस गई। बाइक सवार ने समय रहते छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। बाइक का पिछला भाग बुरी तरह डैमेज हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- सर्कल पर काफी ट्रैफिक था। डंपर की रफ्तार तेज थी। टक्कर लगते ही बाइक चला रहा युवक आगे जाकर गिरा। उसकी बाइक डंपर के नीचे आ गई। इसके बाद युवक ने छलांग लगाकर खुद को बचाया। लोगों की भीड़ जमा हो गई। डंपर ड्राइवर लोगों को देख गाड़ी वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। चालक की तलाश शुरू सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर जाम की स्थिति को संभाला ओर डंपर के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकलवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने भिजवा दिया है। हादसे में बाइक चालक सुरक्षित है, जिसे मामूली चोटें आई हैं। डंपर को जब्त कर लिया गया है। वाहन नंबरों के आधार पर मालिक और फरार चालक की पहचान की जा रही है।


