सरगुजा जिले के ग्राम राता में युवक ने अपनी नानी के सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी। उसकी नानी ने कहा था कि वह उसे अपनी जमीन नहीं देगी। इससे भड़के युवक ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम राता निवासी सुंदरिया टोप्पो के साथ उसके दो नाती रहते थे। सुंदरिया के अपने बेटे नहीं थे। जिस कारण उसकी देखरेख दो नाती बाबूलाल और उसका बड़ा भाई करते थे। 26 जनवरी को बाबूलाल ने अपनी नानी सुंदरिया टोप्पो के सिर पर ईंट से वार कर दिया। बड़े भाई को जमीन देने कहती थी नानी उसका सिर घर के कोने में रखे पेटी से टकरा दिया। सिर में आई गंभीर चोट के कारण सुंदरिया बाई की मौत हो गई। घटना की सूचना रिश्तेदारों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। आरोपी बाबूलाल किंडो ने पूछताछ में बताया कि, उसकी नानी हमेशा कहती थी कि अपनी जमीन उसे नहीं देगी, बल्कि बड़े भाई को देगी। इससे नाराज होकर उसने नानी को मार डाला। पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार इस मामले में लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि आरोपी बाबुलाल किंडो (22) निवासी राता परसापारा वारदात के बाद फरार नहीं हुआ। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


