जयपुर में सुनसान इलाके में मिले शव के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने शराब के नशे और पैसों के लालच में लूट की नीयत से युवक की हत्या करना स्वीकार किया है। घटना जयपुर पश्चिम जिले के सेज थाना क्षेत्र में ग्राम कृष्णा रेजीडेंसी कॉलोनी की थी। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया- 27 जनवरी को सेज थाने के अंतर्गत ग्राम कलवाड़ा स्थित कृष्णा रेजीडेंसी कॉलोनी की सुनसान सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव पर नुकीली वस्तु से गंभीर वार किए गए थे। पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण कर मृतक की शिनाख्त राजूलाल बैरवा (42 वर्ष) पुत्र गोपाल लाल बैरवा, निवासी ग्राम पालडी परसा, थाना सेज, जयपुर पश्चिम के रूप में की गई थी। मृतक के भाई सीताराम बैरवा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम में नुकीली वस्तु से हत्या की पुष्टि पुलिस ने शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में नुकीली वस्तु से सिर पर वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामला पूरी तरह ब्लाइंड था, इसलिए विशेष टीम गठित कर जांच को आगे बढ़ाया गया। डीएसटी प्रभारी जयपुर वेस्ट गणेश सैनी के नेतृत्व में तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली गई। सेज औद्योगिक क्षेत्र, कलवाड़ा-नेवटा-मुहाना मार्ग, सेज-बगरू रीको रोड, सेज-अजमेर हाईवे सहित कई किलोमीटर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिर तंत्र, परंपरागत पुलिसिंग और मृतक के परिजनों व परिचितों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए गए। आरोपी एक ही गांव के निकले डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया- जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी और मृतक एक ही गांव पालडी परसा (तहसील सांगानेर) के निवासी हैं। तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को डिटेन कर गिरफ्तार किया। शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो उतारा मौत के घाट पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 26 जनवरी को आरोपियों की निजी कंपनियों में छुट्टी थी। दोनों आरोपी शराब पीने के आदी हैं। शराब के लिए पैसे खत्म होने पर उन्होंने किसी व्यक्ति से लूट करने की योजना बनाई। उन्होंने पैदल जा रहे राजूलाल बैरवा को नेवटा गांव छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और कृष्णा रेजीडेंसी कॉलोनी की सुनसान सड़क पर ले गए। वहां शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन राजूलाल के पास एक भी रुपया नहीं था। पैसे नहीं मिलने और घटना की शिकायत गांव में होने के डर से आरोपियों ने नुकीले पत्थर से राजूलाल के सिर पर कई वार कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का कीपैड मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विस्तृत जांच एसीपी बगरू द्वारा की जा रही है।


