धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में कल 4 फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 53वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ पहली बार गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन भी शिरकत करेंगी। समारोह में धनबाद, बोकारो और गिरिडीह से लगभग 50 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और विधायक के अलावा कई मंत्री, विधायक और सांसद भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। सरायढेला स्थित हरिकुंज झामुमो कार्यालय में महानगर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान ने की। बैठक में केंद्रीय सदस्य अमितेश सहाय, मीडिया पैनलिस्ट डॉ. नीलम मिश्रा और जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लागू की गई मईयां सम्मान योजना की सफलता के कारण इस बार महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रहने की संभावना है। जिला, पंचायत और प्रखंड स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। ट्रैफिक में बदलाव
कार्यक्रम को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। बड़े वाहनों खास कर यात्री बसों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। पार्टी के सत्ता में रहने के कारण पार्टी नेताओं में शक्ति प्रदर्शन की होड़ मची हुई है। इसकी झलक शहर में लगी होर्डिंग को देख कर लगाया जा सकता है। पार्टी नेताओं की माने तो इस समारोह में धनबाद के अलावे गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो और जामताड़ा से भी काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे। सोमवार को पार्टी के वरीय नेता विनोद पांडेय समेत अन्य नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।


