बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़…5 बाइक सहित तीन गिरफ्तार:4 लाख का सामान जब्त, एक आरोपी फरार; चोरी की बुलेट बेचते पकड़े गए

बिलासपुर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरों के एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 5 चोरी की बाइक और लगभग 4 लाख रुपए का अन्य कीमती सामान जब्त किया है। एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों को दयालबंद से चोरी की गई एक बुलेट मोटरसाइकिल को शनिचरी चौपाटी पर बेचने की फिराक में ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने महंगे मोबाइल, सैर-सपाटे और खाने-पीने के शौक पूरे करने के लिए चोरी करने की बात कबूल की। कोतवाली टीआई देवेश सिंह ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में दो नाबालिग हैं। एक बालिग चोर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस गिरोह को पकड़ने में थाना सिटी कोतवाली, एसीसीयू बिलासपुर, थाना संकरी और मोपका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपियों की निशानदेही पर पांच चोरी की बाइकों के अलावा कई अन्य कीमती सामान भी बरामद किए गए हैं। इनमें एक रूम हीटर, चार सोनी कंपनी के साउंड बॉक्स, एक इलेक्ट्रिक हेयर ड्रायर, एचपी कंपनी का की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, निकॉन कंपनी का एलईडी टीवी, एक कैमरा और दो चांदी की पायल शामिल हैं। पुलिस ने चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई हथौड़ी, मास्क और कटर भी जब्त किए हैं। पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ दयालबंद निवासी अमन सिंह बघेल की शिकायत के बाद किया। अमन सिंह ने 21 जनवरी को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जनवरी की रात उनकी रॉयल एनफील्ड क्लासिक-350 (काले रंग, नंबर CG 10 / AZ 3038) घर के सामने से चोरी हो गई थी। इस रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मोटरसाइकिल बेचने तलाश रहे थे ग्राहक मंगलवार को हैप्पी स्ट्रीट शनिचरी के पास तीन लड़के बुलेट मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें घेर कर पकड़ लिया। पूछताछ में दीनदयाल कॉलोनी मंगला निवासी आयुष एक्का (20 वर्ष) ने बताया कि उसने अपने साथी हरिओम जोशी के साथ मिलकर यह बाइक चोरी की थी। बाइक नंबर CG 10 – AZ3038 है और इसकी कीमत 95,000 रुपए है। पांच जगहों पर बाइक चोरी करना कबूला पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जिले के अलग-अलग इलाकों और सिविल लाइन से कई बाइक चोरी की हैं। इनमें एन.एस. पल्सर (CG10-BY1627) कीमत 50,000 रुपए, रॉयल इनफील्ड बुलेट (CG07ZX5007) कीमत 40,000 रुपए, मोपका से जावा-42 एफ.जे. (CG10-BV7666) कीमत 85,000 रुपए, बुलेट (CG10-BL6626) कीमत 60,000 रुपए और थाना संकरी की आस्मा सिटी से भी बुलेट चोरी करना शामिल है। घरों में घुस कर भी चोरियां कीं सिर्फ बाइक ही नहीं, आरोपी घरों में भी चोरी कर रहे थे। संकरी हांफा के श्रीविहार के सूने मकान से भी चोरी की गई। आरोपी आयुष और दो अन्य लड़कों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हरिओम जोशी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *