जगराओं सरकारी सन्मति साइंस एजुकेशन एवं रिसर्च कॉलेज को आखिरकार अपना स्थायी डायरेक्टर मिल गया है। डॉ. सुमीत बराड़ रंधावा को कॉलेज का नया डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बुधवार को औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। सरकार द्वारा मंगलवार को जारी 21 प्रिंसिपलों की सूची में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर तरक्की के तहत उनकी नियुक्ति हुई है। डॉ. सुमीत बराड़ रंधावा इससे पहले गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, लुधियाना में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थीं। वहां उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ छात्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को भी सफलतापूर्वक लागू किया। उनके 19 वर्षों के शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति कॉलेज के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यभार संभालने के अवसर पर डॉ. सुमीत बराड़ रंधावा के साथ उनके पति कैप्टन अमृतवीर पाल सिंह रंधावा, पुत्र मनराज सिंह रंधावा, जैवीर पाल सिंह रंधावा, माता नवतेज कौर बराड़, भाई नगिंदर सिंह बराड़ और भाभी सुखविंदर कौर बराड़ भी कॉलेज परिसर में मौजूद रहे। स्टॉफ ने बुके भेंटकर किया स्वागत इस मौके पर रिटायर प्रिंसिपल धर्म सिंह, प्रिंसिपल प्रो. सुमन लता और अन्य अध्यापकों ने उन्हें कुर्सी पर बैठाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रो. परमिंदर कौर (सेवानिवृत्त प्रिंसिपल), प्रो. जसप्रीत कौर, प्रो. सरिता और प्रो. हरलीन कौर ने भी कॉलेज पहुंचकर डॉ. रंधावा को बधाई दी। कॉलेज की वाइस डायरेक्टर प्रो. निधि महाजन, डॉ. सरबदीप कौर सिद्धू, प्रो. सुमीत सोनी सहित समस्त स्टाफ ने फूलों के गुलदस्ते भेंट कर और मुंह मीठा करवाकर नए डायरेक्टर का गर्मजोशी से स्वागत किया। डायरेक्टर डॉ. सुमीत बराड़ रंधावा ने स्टाफ को भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। स्टाफ ने भी उन्हें पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।


