जयपुर शहर की बदहाल होती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बड़ी पहल की है। जेडीए अब ट्रैफिक से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स को वैज्ञानिक और विशेषज्ञ आधारित तरीके से लागू करेगा। बुधवार को जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में मंथन सभागार में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड (TCB) की उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में साफ किया गया कि अब शहर में कोई भी यातायात परियोजना बेतरतीब तरीके से नहीं होगी। बल्कि, ट्रैफिक एक्सपर्ट्स की राय और आधुनिक तकनीक के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे। विशेषज्ञ तय करेंगे ट्रैफिक प्लान बैठक में निर्णय लिया गया कि जेडीए ट्रैफिक विशेषज्ञों की सेवाएं लेगा और अधिकारियों की टीमों को देश के अन्य शहरों में भेजकर सफल ट्रैफिक मॉडल का अध्ययन कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासनिक और तकनीकी दो सब-कमेटियों का गठन किया गया है, जो छोटे स्तर पर गहन चर्चा कर आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।
महल रोड से गौरव टावर तक सुधार की योजना बैठक में महल रोड पर बढ़ते यातायात दबाव पर चर्चा की गई। सांगानेर फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसकी डिजाइन विशेषज्ञ तय करेंगे। साथ ही सड़कों को केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि अर्बन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसमें सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और सौंदर्यीकरण शामिल होगा।
पीक आवर्स में बढ़ेंगी पार्किंग दर गौरव टावर (जीटी) क्षेत्र सहित 84 चिन्हित स्थानों पर स्वीकृत बिल्डिंग मैप के अनुसार पार्किंग की जांच होगी। व्यावसायिक इमारतों में पार्किंग की जगह से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निगम को पीक आवर्स में पार्किंग शुल्क बढ़ाने और अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष पार्किंग नीति तैयार करने को कहा गया है। वहीं मैरिज गार्डन और होटलों में निर्धारित पार्किंग का उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही सुनिश्चित किया जाएगा।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर फोकस बैठक में बस स्टॉप्स को चौराहों से उचित दूरी पर शिफ्ट करने और अनधिकृत जगहों पर बस रोकने पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। वहीं स्कूलों के सामने बने डिवाइडर कट्स केवल स्कूल समय में ही खोले जाएंगे। पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिए शाह में विशेष कॉरिडोर और फुटओवर ब्रिज के उपयोग को लेकर सर्वे कराने पर भी चर्चा हुई। एआई और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम की तैयारी बैठक में जयपुर में ट्रैफिक मैनेजमेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्मार्ट कैमरे और वन-वे ट्रैफिक के लिए SOP तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन जंक्शन और मीडियन्स पर पौधारोपण की योजना भी बनाई जाएगी। जेडीसी ने किया आरओबी का निरीक्षण
बैठक के बाद जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने सिविल लाइंस आरओबी का निरीक्षण किया। सर्विस रोड निर्माण में आ रही कानूनी अड़चनों पर अधिकारियों को प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए गए। इसके बाद सहकार मार्ग स्थित इमली फाटक का दौरा कर ट्रेन गुजरने के दौरान लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की समस्या का जायजा लिया। जेडीसी ने तकनीकी विशेषज्ञों से समाधान प्लान तैयार करने को कहा।


