4 लाख रुपए की ठगी का आरोपी गिरफ्तार:भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में नौकरी दिलाने के नाम पर की थी धोखाधड़ी

जनूथर थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। यह मामला 12 जुलाई 2025 को प्रकाश में आया, जब ग्राम तरोडर निवासी अशोक कुमार (32) ने जनूथर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अशोक कुमार ने बताया कि उसकी पहचान रवि कुमार पुत्र सुंदर सिंह जाट, निवासी अंधियार, तहसील मांट, जिला मथुरा से थी, जो अक्सर उनके गांव आता-जाता था। आरोपी रवि कुमार ने अशोक कुमार के भतीजे हरेंद्र को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) में नौकरी लगवाने का प्रलोभन दिया। इसके एवज में उसने 4 लाख रुपये की मांग की। 5 दिसंबर 2021 को रवि कुमार ने गांव तरोडर आकर नौकरी की गारंटी दी। इसके बाद प्रार्थी अशोक कुमार ने उसे नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 4 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए प्रार्थी के व्हाट्सएप पर ICAR भर्ती का एक फर्जी एडमिट कार्ड भी भेजा और परीक्षा भी दिलवाई। परीक्षा के बाद जब हरेंद्र को नौकरी नहीं मिली, तो अशोक कुमार ने अपने रुपये वापस मांगे। हालांकि, आरोपी रवि कुमार लगातार बहाने बनाता रहा और पैसे लौटाने से इनकार करता रहा। आखिरकार 29 अप्रैल 2025 को फोन पर संपर्क करने पर आरोपी ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि उसने छल-कपट और बेईमानी की नीयत से रुपये हड़प लिए हैं। उसने यह भी कहा कि न तो उसने कोई नौकरी लगवाई है और न ही रुपये वापस करेगा। इस संबंध में जनूथर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान वांछित आरोपी रवि कुमार (28) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *