भास्कर न्यूज | कोरबा 38वीं राष्ट्रीय खेल चैंपियनशिप का आयोजन उत्तराखंड के देहरादून में 28 जनवरी से 14 फरवरी तक हो रहा है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से महिला तैराक के रूप में भूमि गुप्ता भाग ले रही हैं। देशभर से चुनिंदा प्रतिभागियों के बीच चल रही तैराकी प्रतियोगिता में बेहतर खेल प्रदर्शन के आधार पर 200 मीटर इंडिविजुअल मिडले महिला वर्ग के फाइनल में तीसरा स्थान बनाते हुए ब्रांज मेडल जीतने में सफल रही है। भूमि गुप्ता ने फाइनल में 2.31.30 मिनट में सफलता हासिल कर जगह बनाई थी। वहीं सोमवार को देर शाम हल्द्वानी में हुए फाइनल मुकाबले में भूमि ने 2:29:54 मिनट में 200 मीटर की तैराकी पूरी कर तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रही है। जबकि 100 मीटर बटर फ़्लाई में 1: 05:45 मिनट देकर 5वें स्थान पर रही। 50 मीटर बटर फ्लाई में भी 30:09 सेकेंड देकर 7वां स्थान हासिल किया। भूमि ने अपने तीनों इवेंट में फाइनल क्वालीफायर रहते हुए इस 38वें नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ का परचम लहराया। उल्लेखनीय है कि तैराकी के 200 मीटर इंडिविजुअल मिडले में भूमि गुप्ता के साथ 7 अन्य खिलाड़ियों ने जगह बनाई थी। जिसमें कर्नाटक की जेदीदाह ए, तमिलनाडु की ध्यानिथा एस, महाराष्ट्र की सार्वी देशवाल, तमिलनाडु की श्रीनीथी नातेसान, गोवा की श्रुंगी राजेश बांडेकर, कर्नाटक की त्रिषा सिंधु व महाराष्ट्र की ट्वीशा निखी दीक्षित ने भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली हैं। वहीं अगर इन खिलाड़ियों में से कोई किसी कारण से फाइनल मुकाबले में भाग नहीं ले पाता है उनके स्थान पर रिजर्व खिलाड़ी के रूप में आंध्रप्रदेश की नदाकुदिती पवानी सरयू व उत्तर प्रदेश की श्याला को जगह मिली थी। सोमवार की देर शाम खेली गई फाइनल स्पर्धा में अपने अपने प्रांत का प्रतिनिधित्व करने मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन किए।


