रतलाम के चांदनीचौक में बंदूक दुकान में हुए धमाके में घायल दुकानदार यूसुफ अली (58) की मौत हो गई। रतलाम में प्राथमिक इलाज के बाद यूसुफ अली को इंदौर रेफर किया गया था। मंगलवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। यह भी जानकारी सामने आई है कि इलाज के दौरान इन्हें हार्ट अटैक आया। बता दें, 26 जनवरी की शाम 4 बजे चांदनी चौक स्थित बंदूक की दुकान में धमाका हुआ था। धमाके की आवाज सुन दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भागे। चार लोग बुरी तरह झुलस गए, उन्होंने जलती हालत में सड़क पर दौड़ लगा दी। पास की दुकान में बैठे लोग भी निकलकर भागे। सामने रोड पर खड़े मैजिक से लोग उतरकर भागे। हादसे में आर्म्स शॉप ऑनर यूसुफ अली (58), नाजिम (32), शेख रफीकुद्दीन (35) ग्राहक संदीप पिता शंकर पाटीदार (35) घायल हुए। यूसुफ की मौत हो चुकी है, जबकि तीन का इलाज इंदौर में इलाज चल रहा है। फोरेंसिक टीम दुकान खोलकर जांच करेगी
आज जांच के लिए दुकान खुलने वाली है। हादसे के बाद प्रशासन की टीम ने दुकान को सील कर दिया था। बुधवार को पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ दुकान की सील खोलकर जांच करेगी। हादसे के कुछ वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें धमाके के बाद झुलसे लोग दुकान से दौड़कर बाहर भागते दिख रहे हैं। पहला वीडियो- सड़क पर लोग आते-जाते दिख रहे हैं। एक युवक दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर बैठा, उसके हाथ में मोबाइल है। उसके ठीक आगे साथ चल रहे दो लोग हैं। एक मोबाइल पर बात कर रहा है। उन्हीं के आगे चल रहे व्यक्ति के ठीक बगल में आकर एक पिकअप रुकती है। इतने में ब्लास्ट हो जाता है। दूसरा वीडियो- इसमें दुकान संचालक समेत अन्य लोग अपनी जान बचाकर दौड़ लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद हालत ये थी जो लोग झुलस गए थे, उन्होंने अपने कपड़े तक रोड पर उतार दिए। किसी का जूता पड़ा था, को किसी के जले हुए कपड़े सड़क पर पड़े थे। तीसरा वीडियो- ये जो वीडियो सामने आया है उसमें घायल संदीप पाटीदार ऑटो में बैठा दिख रहा है। संदीप दौड़ते हुए सबसे पहले पास ही की एक कलर दुकान पर गया। अपने गांव में फोन लगाने को कहा, ताकी घरवालों को जानकारी हो जाए। हादसे के बाद लोगों ने संदीप को ऑटो में बैठाया। वो बुरी तरह झुलसा था, कपड़ों के चीथड़े उड़े थे। इस दौरान अपना चेहरा देखने के लिए उसने ऑटो चालक से अपना वीडियो बनवाया। बंदूक दुकान संचालक, दो घायल कर्मचारियों और ग्राहक को इंदौर के टी चोइथराम हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। दोनों कर्मचारियों के चेहरे झुलसे हैं। उनकी सर्जरी होना है। ग्राहक संदीप की हालत पहले से ठीक है। दोपहर तीन बजे तक दुकान संचालक का शव रतलाम लाया जाएगा। अभी परिवार व समाज के लोग घर पर आना शुरू हो गए हैं। ………………………………….. यह खबर भी पढ़ें… रतलाम की बंदूक की दुकान में धमाका
रतलाम में बंदूक की दुकान में सोमवार को हुए धमाके में एक ग्राहक समेत 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। तीन घायलों को जिला अस्पताल में जबकि ग्राहक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए तीन लोगों को पहले मेडिकल कॉलेज, फिर इंदौर रेफर किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…


