पाकुड़ मुफ्फसील थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित पुराने चेक नाका के एक कमरे में मंगलवार की सुबह एक 42 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अनंत शाह ने बताया कि शव के पास से जहर की खाली बोतल और पानी की बोतल बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पृथ्वीनगर पंचायत के समाजसेवी सलीम शेख सहित कई गणमान्य लोगों ने शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या कर शव को यहां छोड़ा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस की पहली प्राथमिकता महिला की पहचान करना है।


