श्रीगंगानगर में मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत:घर में कुई खुदाई कर रहा था, 20 फीट की गहराई में 3 घंटे दबा रहा

श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र के गांव 10 सरकारी में बुधवार शाम को कुई खोदते समय एक मजदूर की मिट्टी में दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ कद्दू (35) पुत्र भोला सिंह के रूप में हुई है, जो इसी गांव का निवासी था। खुदाई करते समय मिट्टी धंसी जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह बुधवार सुबह अपने एक साथी श्रमिक के साथ ग्रामीण रामकुमार चालिया के घर में कुई खोदने का काम कर रहा था। दिनभर काम करने के बाद शाम करीब 5:15 बजे कुई की गहराई लगभग 18 से 20 फीट तक पहुंच चुकी थी। इसी दौरान अचानक ऊपर की मिट्टी धंस गई। उस समय गुरप्रीत सिंह कुई के अंदर बैठकर मिट्टी निकाल रहा था, जिससे वह मिट्टी के नीचे दब गया। साथी ने शोर मचाकर बुलाया घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद मजदूर ने शोर मचाया। आवाज सुनते ही मकान मालिक रामकुमार चालिया सहित आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथों से मिट्टी हटाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने दो जेसीबी मशीनें भी मौके पर बुला लीं, जिसके बाद तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। साथ ही घटना की सूचना जैतसर प्रशासन और पुलिस थाना को दी गई। शाम को हुआ रेस्क्यू सूचना मिलने पर जैतसर थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच कृष्ण लाल लीला, पटवारी योगेश कुमार और ग्राम सचिव अमित शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शाम लगभग 7:45 बजे गुरप्रीत सिंह को मिट्टी से बाहर निकाला गया। जिसके बाद उसे एंबुलेंस से जैतसर के सरकारी हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक गुरप्रीत सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और तीन लड़कियों का पिता था। गांव में घटना के बाद से ही शोक का माहौल है। इनपुट: राजू आसदेव, 10 सरकारी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *