शिमला में ड्रग माफिया पर बड़ी कार्रवाई:शाह गैंग के 10 सदस्य गिरफ्तार, अब तक 26 पकड़े, उत्तर भारत चल रहा था नेटवर्क

शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय चिट्टा तस्कर संदीप शाह गैंग के सदस्यों को पकड़ा है। पुलिस ने मनी ट्रेल की जांच के आधार पर गैंग के 10 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुलिस ने शिमला जिला में विभिन्न जगहों पर गैंग के ठिकानों पर छापेमारी की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निखिल सेन, मनूज ठाकुर, अमन शोबता, कपिल चंदेल, सुशील वर्मा, आयान चौहान और सुशील शर्मा समेत दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं। यह शिमला जिला के शिमला, ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू चिड़गांव के विभिन्न जगहों से गिरफ्तार हुए है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स माफिया न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत में अपना नेटवर्क चला रहा था। शाह गैंग ने एक संगठित सप्लाई चेन तैयार की थी, जिसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑनलाइन बुकिंग का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने मनी ट्रेल का पता लगाते हुए इन आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। 29 बैंक खातों में जमा करीब 4 करोड़ रुपए फ्रीज
शिमला पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक गैंग के मुख्य सरगना सहित कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह कार्रवाई क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गैंग का सगरना सन्दीप शाह पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था उसने आधुनिक तकनीकों को इस्तेमाल करके करीब 200 लोगों का सिंडिकेट तैयार किया था। जो मिलकर तस्करी नेटवर्क में उसके लिए काम करते थे। बीते दिनों सरगना को पकड़ने के बाद अब पुलिस इसी सिंडिकेट से जुड़े पैडलरों को दबोच रही है। इसके अलावा पुलिस गिरोह से जुड़े 29 बैंक खातों में जमा करीब 4 करोड़ रुपए की राशि भी फ्रीज कर दी है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह 25 से 30 करोड़ रुपए की नशा तस्करी को अंजाम दे चुका है। SP शिमला संजीव गांधी ने बताया कि नशा तस्कर संदीप शाह सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े दस और लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में गहन जांच के बाद लेनदेन के मिले तथ्यों के आधार पर इन लोगों की गिरफ्तारी की गई है। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *