बारां से शुरू होगी राज्यस्तरीय वाटरशेड यात्रा:30 जिलों में चलेगा अभियान; वर्षा जल स्टोर, मिट्टी संरक्षण और स्थायी कृषि को देंगे बढ़ावा

बारां में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत वाटरशेड यात्रा का राज्य स्तरीय शुभारंभ 5 फरवरी 2025 को किशनगंज पंचायत समिति से किया जाएगा। यह यात्रा राजस्थान के 30 जिलों के 110 ब्लॉकों में चलेगी, जिसके लिए दो रूट चार्ट बनाए गए हैं। पहले रूट में 14 जिलों की 61 और दूसरे में 16 जिलों की 49 परियोजनाएं शामिल हैं। इस अभियान के दौरान भूमि पूजन, लोकार्पण, वाटरशेड महोत्सव, श्रमदान और पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संचयन, मिट्टी संरक्षण और स्थायी कृषि को बढ़ावा देना है। बारां जिले में वर्तमान में दो प्रमुख जल संरक्षण परियोजनाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत 2021-22 में तीन पंचायत समितियों के 21 ग्राम पंचायतों के 62 गांवों में 16,452 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया गया है। इस योजना के लिए 3,619.44 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें ओपन जिम और एफपीओ सेंटर के साथ एनीकट, परकोलेशन टैंक और चारागाह विकास के काम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के प्रथम चरण में 2023-24 में आठ पंचायत समितियों के 48 ग्राम पंचायतों के 153 गांवों को शामिल किया गया है। 51,016.44 हेक्टेयर क्षेत्र में 66.24 करोड़ रुपए के 2,469 कार्यों में से 40.86 करोड़ रुपए के 2,116 कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं से क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़ने के साथ किसानों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *