भरतपुर कलेक्टर अमित यादव ने मंगलवार को शहर के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। विकास प्राधिकरण द्वारा भरतपुर में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल्द से जल्द और गुणवत्ता से काम पूरा करने के निर्देश दिए। शहर में करीब 6 जगह विकास प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। कलेक्टर अमित यादव ने निरीक्षण की शुरुआत संजय नगर इलाके में बन रही डिग्गी से की। संजय नगर डिग्गी के विकास कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने और गुणवत्ता से काम को पूरा करने के निर्देश दिए। जलभराव की समस्या न रहे। इसके बाद कलेक्टर ने एसपी कुंडा से रामनगर को जाने वाले नाले का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने दो मोरा तक निर्माण कराने के निर्देश दिए। ताकि स्थानीय आबादी क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। MSJ कॉलेज मैदान में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर पाथ-वे निर्माण की चौड़ाई बढाने और कर्व-स्टोन की उंचाई कम करने के निर्देश दिये। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में अंबेडकर सामुदायिक भवन के सामने जल भराव का निरीक्षण कर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग को आवंटित भूमि की चारदिवारी बनवाने, जल भराव की समस्या का स्थायी समाधान कर पानी की निकासी के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कच्चा कुंडा में चल रहे विकास कार्य का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने गहराई और निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्देश दिए। एमपीजेड के विकास कार्यों को देखते हुए समय पर कार्य कराने के लिए मानिटरिंग बढाने को कहा।


